नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ के 2025-26 सत्र के चुनावों का अस्थायी कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। चुनाव समिति ने बृहस्पतिवार को घोषणा करते हुए बताया कि मतदान चार नवंबर को संपन्न होगा और परिणाम छह नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 24 अक्टूबर से होगी, जब सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक अनंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी और उसमें आवश्यक संशोधन किए जा सकेंगे। उम्मीदवार 25 अक्टूबर को दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक नामांकन पत्र प्राप्त कर सकेंगे, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 अक्टूबर को सुबह साढ़े नौ बजे से शाम पांच बजे तक तय की गई है।
वैलीड नामांकनों की सूची 28 अक्टूबर को सुबह 10 बजे जारी होगी और उसी दिन दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक उम्मीदवार अपने नामांकन वापस ले सकते हैं। अंतिम सूची शाम सात बजे जारी की जाएगी, जिसके बाद रात आठ बजे प्रचार के लिए स्थान आवंटन और प्रेस वार्ता आयोजित होगी।
चुनाव समिति के अध्यक्ष रविकांत द्वारा हस्ताक्षरित अधिसूचना के अनुसार, मतदान चार नवंबर को दो सत्रों में होगा – सुबह नौ बजे से अपराह्न एक बजे तक और दोपहर ढाई बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक। मतगणना रात नौ बजे शुरू होगी और अंतिम परिणाम छह नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
पिछले साल वामपंथी समर्थित समूहों ने चार केंद्रीय समिति के पदों में से तीन पर जीत हासिल की थी। वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने संयुक्त सचिव का पद जीता, जो लगभग एक दशक में उसकी पहली जीत थी।
जेएनयू छात्र संघ चुनाव हमेशा से राष्ट्रीय और छात्र राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आए हैं, और इस वर्ष भी परिणामों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।









