कोल्हापुर:कोल्हापुर जिले में भुदरगड तहसील के पाटगांव के पूर्व सरपंच महेश पिलनकर पिछले दो महीनों से लापता हैं। इस मामले को लेकर अब इलाके में चिंता और सवाल दोनों बढ़ने लगे हैं। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि यह मामला कहीं पहले हुए मसाजोग प्रकरण की तरह गंभीर तो नहीं बनता जा रहा, इसको लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
पूर्व सरपंच के लापता होने के मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए संविधान हक्क संघर्ष समिति ने दसरा चौक में आंदोलन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने और जल्द से जल्द महेश पिलनकर का पता लगाने की मांग की।
आंदोलन के बाद पिलनकर परिवार के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार गुप्ता से मुलाकात की। इस दौरान महेश पिलनकर की पत्नी तृप्ती पिलनकर और पारस पिलनकर ने मामले की तात्कालिक और सखोल जांच की मांग करते हुए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की अपील की।
परिवार का कहना है कि पिछले दो महीनों से महेश पिलनकर का कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे पूरा परिवार और गांव के लोग चिंतित हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में तेजी लाने और जल्द सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
वहीं पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार गुप्ता ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच सही दिशा में चल रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिवार की मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा और जल्द से जल्द मामले में प्रगति लाने का प्रयास किया जाएगा।







