यवतमाल! राज्य सरकार की लाडकी बहीण योजना, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, में जिले में 516 पुरुषों द्वारा लाभ उठाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार पुरुषों ने महिलाओं के नाम पर आधार कार्ड का उपयोग कर धनराशि अपने खातों में जमा कराई।
महिला और बाल विकास विभाग को यह सूची शासन द्वारा भेजी गई है और अब विभाग इन 516 मामलों की पड़ताल कर यह पता लगाने में जुटा है कि किस तरह से योजना का दुरुपयोग किया गया। अधिकारियों का कहना है कि सप्टेंबर 2025 में अपात्र महिलाओं को नाम से बाहर किया गया था, फिर भी इस तरह के मामले सामने आए, जिससे योजना की पड़ताल और निगरानी प्रक्रिया पर सवाल उठते हैं।
विभाग ने कहा है कि लाभार्थियों की ई-केवायसी जांच के लिए 31 मार्च तक की समयसीमा दी गई है। यह कदम योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए उठाया गया है।
यवतमाल जिले में यह मामला महिलाओं के अधिकारों और सरकारी योजना की विश्वसनीयता को लेकर गंभीर चिंता का विषय बन गया है। विभाग का कहना है कि जल्द से जल्द सभी मामलों की सख्त जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय प्रशासन ने जनता से अपील की है कि किसी भी तरह की अनियमितता की सूचना तुरंत अधिकारियों तक पहुंचाई जाए, ताकि योजना का लाभ सही तरीके से पात्र महिलाओं तक पहुंचे।









