गणेशपेठ थाना क्षेत्र के गाढ़ीखाना मैदान में हुई हत्या, प्रेमिका सहित तीन गिरफ्तार
लोकवाहिनी, संवाददाता-नागपुर। नागपुर में त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना मंगलवार रात गणेशपेठ थाना क्षेत्र के गाढ़ीखाना मैदान के सामने हुई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें युवती को भी आरोपी बना कर गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम अमन श्रीराम है, जो लोकेट सेल्स बॉय के रूप में काम करता था। अमन पिछले तीन वर्षों से तेजस्विनी कांबले नामक युवती के साथ प्रेम संबंध में था। बताया जा रहा है कि अमन युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती ने हाल ही में शादी से इनकार कर दिया था। इसी दौरान तेजस्विनी के संबंध अमित शिरलकर नाम के युवक से जुड़ गए। अमित एक होटल में वेटर के तौर पर काम करता है जबकि तेजस्विनी एक डिपार्टमेंट स्टोर में नौकरी करती है।
बीती रात तेजस्विनी ने अमन को मिलने के लिए गाढ़ीखाना मैदान के पास बुलाया और साथ ही अमित को भी फोन पर वहां बुला लिया। अमित अपने दोस्त हेमंत बागड़े के साथ मौके पर पहुंचा और तीनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बहस के दौरान अमित ने अमन पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अमन को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गणेशपेठ पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपीयां अमित शिरलकर, हेमंत बागड़े और तेजस्विनी कांबले को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। नागपुर में हुई यह हत्या प्रेम और अविश्वास की वो दुःखद कहानी है, जा रिश्तों की जटिलता को फिर एक बार सामने लाती है। फिलहाल गणेश पेठ पुलिस ने हत्या के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच कर रही है।











