नई दिल्ली | मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने घरेलू गैस सिलेंडर (LPG) की बुकिंग का समय बढ़ा दिया है। सूत्रों के मुताबिक, अब रिफिल बुकिंग के न्यूनतम वेटिंग पीरियड (Waiting Period) को 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। यानी अब उपभोक्ता एक सिलेंडर बुक करने के 25 दिन बाद ही दूसरा सिलेंडर बुक कर सकेंगे।
सरकार ने यह कदम मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच गैस की जमाखोरी रोकने और सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए उठाया है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से यह देखा जा रहा था कि जरूरत न होने पर भी लोग सिलेंडर बुक करके स्टॉक कर रहे थे। वेटिंग पीरियड बढ़ाने से अनावश्यक बुकिंग पर लगाम लगेगी और उन लोगों को आसानी से सिलेंडर मिल सकेगा जिन्हें वाकई जरूरत है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर स्पष्टीकरण:
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल बढ़ोतरी के आसार नहीं हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमत 130 डॉलर प्रति बैरल के पार नहीं जाती, तब तक घरेलू बाजार में कीमतें स्थिर बनी रहेंगी। वर्तमान अनुमानों के अनुसार, कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहने की उम्मीद है।
ईंधन की सप्लाई को लेकर सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश के किसी भी पेट्रोल पंप पर तेल की किल्लत नहीं है और सप्लाई चेन पूरी तरह सामान्य है। भविष्य में किसी भी संभावित संकट से निपटने के लिए भारत ने ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ के अलावा अन्य रास्तों से कच्चे तेल की सोर्सिंग तेज कर दी है। इससे समुद्री मार्ग में किसी भी तनाव की स्थिति में सप्लाई में रुकावट नहीं आएगी।
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच दो दिन पहले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।












