नागपुर। सरकार भले ही रसोई गैस की सप्लाई पटरी पर होने का दावा कर रही हो, लेकिन हकीकत यह है कि लोगों को तमाम तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत नए सिलेंडर की बुकिंग को लेकर है। यह दिक्कत पिछले एक हफ्ते से लगातार बनी हुई है। बीते दो दिनों से तो सर्विस बिल्कुल ही काम नहीं कर रही है। नागपुर में घरेलू गैस सिलेंडरों के लिए लंबी कतार लगी है। प्रशासन का कहना है कि सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है, फिर भी लंबी कतार लगी है। गोदामों से सिलेंडर मिल रहे हैं, लेकिन दिन की गर्मी के कारण नागरिकों की भीड़ बढ़ गई है। कई बार सिलेंडर ट्रक के आने से भी सिलेंडर मिल रहे हैं। हालांकि, सिलेंडरों की कमी के डर से नागरिक भीड़ लगा रहे हैं। एजेंसी के ड्राइवरों का कहना है कि सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है, बल्कि सिस्टम में कुछ गड़बड़ी है, जिससे दहशत फैल रही है।
नागपुर के ताजबाग इलाके में गैस सिलेंडर खरीदने के लिए ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। एचपी गैस गोदाम के बाहर भी ग्राहकों की भीड़ लगी हुई थी। लोग खाली सिलेंडरों के साथ कतार में खड़े रहे। ग्राहकों का आरोप है कि उन्हें समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं।
सर्विस ठप होने से लोगों की नई बुकिंग नहीं हो पा रही है। वहीं हेल्पलाइन और एजेंसीज के नंबर पर कॉल करते हैं तो ज्यादातर नंबर या तो स्विच ऑफ होते हैं या फिर उन पर कोई प्रॉपर रिस्पांस नहीं दिया जा रहा है। परेशान लोग जब एजेंसियों के दफ्तर पहुँचते हैं तो वहाँ भी उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता और बुकिंग ऑनलाइन ही होने की बात कहकर वापस भेज दिया जा रहा है। दूसरी ओर ऑनलाइन बुकिंग बंद होने के कारण लोग ऑफलाइन नंबर लगाकर सिलेंडर के लिए सुबह से कतार लगाए देखे जा सकते हैं।
बुकिंग को लेकर कोई तीन दिन से परेशान है तो कोई चार और पांच दिन से परेशान है। ज्यादातर उपभोक्ताओं का झगड़ा इस बात को लेकर हो रहा है कि सरकार की तरफ से बताया गया है कि अगली बुकिंग 25 दिन बाद हो जाएगी। जबकि एजेंसियों के लोग जानकारी देते हैं कि 2 दिन पहले नियम बदल गया है और अब अगली बुकिंग 25 नहीं बल्कि 40 दिन बाद होगी। बुकिंग में लोगों को और भी तरह की प्रॉब्लम आ रही है। किसी की ओटीपी नहीं आ रही है तो किसी की पर्ची एजेंसी तक नहीं जा रही है। लोग एजेंसियों के चक्कर काट-काट कर परेशान हैं। वहाँ भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है। किसी के घर का सिलेंडर खत्म हो चुका है तो किसी का एक-दो दिन में खत्म होने वाला है। लोग काफी परेशान हैं। एजेंसी वालों ने यह तो माना है कि दो दिनों से सर्विस पूरी तरह ठप है, लेकिन साथ ही यह भी दावा कर रहे हैं कि आज शाम तक ठीक हो जाने की उम्मीद है।









