अजित पवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
अमरावती:महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अजित पवार के दुःखद निधन पर राज्य सरकार ने तीन दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कहा कि अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र ने एक अनुभवी, प्रभावशाली और जनप्रिय नेता को खो दिया है।
सरकारी आदेश के अनुसार, शोक अवधि के दौरान राज्य की सभी सरकारी और अर्धसरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया है। इसके साथ ही 28 जनवरी को महाराष्ट्र भर में सभी शासकीय और निमशासकीय कार्यालय बंद रहेंगे। इस दिन राज्य की सभी स्कूलों और महाविद्यालयों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अजित पवार के निधन की खबर फैलते ही पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संगठन और आम नागरिक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। अजित पवार का राजनीतिक और प्रशासनिक योगदान महाराष्ट्र के विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। वे अपने स्पष्ट निर्णय, प्रशासन पर मजबूत पकड़ और जनहित के मुद्दों को लेकर पहचाने जाते थे।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, अजित पवार का अंतिम संस्कार कल सुबह 11 बजे बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में नागरिक, पार्टी कार्यकर्ता और विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता बारामती पहुंच रहे हैं।
राज्य सरकार द्वारा अंतिम संस्कार और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ी रिक्तता पैदा हो गई है।









