ऑटोमोबाइल सेक्टर में राज्य ने बनाया नया रिकॉर्ड
नागपूर :महाराष्ट्र में औद्योगिक निवेश को लेकर एक बड़ा कदम उठाया गया है। महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी ने राज्य में करीब 15 हजार करोड़ रुपये के निवेश का करार किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जानकारी देते हुए कहा कि यह करार ऑटोमोबाइल क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस निवेश के तहत नेक्स्ट जनरेशन टेक्नोलॉजी पर आधारित SUV कारों का निर्माण किया जाएगा। यह एक इंटीग्रेटेड फैक्ट्री होगी, जहां SUV कारों के साथ-साथ ट्रैक्टर का भी उत्पादन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि महिंद्रा एंड महिंद्रा की यह बड़ी निवेश परियोजना छत्रपति संभाजीनगर और नाशिक में स्थापित की जाएगी। इस निवेश से राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके अलावा नागपुर और पूरे विदर्भ क्षेत्र में भी उल्लेखनीय निवेश आया है, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
रोजगार के आंकड़ों पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिंद्रा के थ्री-व्हीलर उद्योग से लगभग 10 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा, जबकि इस प्रोजेक्ट के माध्यम से सीधे तौर पर करीब 6 हजार लोगों को नौकरियां मिलेंगी। इसके अलावा अन्य कंपनियों की निवेश योजनाओं से भी 5 से 6 हजार अतिरिक्त रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उद्योग विभाग ने इन करारों को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी की और चर्चा पूरी कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। इसके पीछे औद्योगिक विभाग की कड़ी मेहनत और रणनीति रही है।
वहीं, रामदास कदम द्वारा तटकरे पर लगाए गए आरोपों को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय हो रही बयानबाजी निरर्थक है। उन्होंने कहा कि राज्य के वरिष्ठ नेता अजित पवार के निधन के बाद इस तरह की छोटी राजनीति बंद होनी चाहिए और सभी को जिम्मेदारी से व्यवहार करना चाहिए।









