महाराष्ट्र सरकार में मंत्री प्रताप सरनाईक ने एक पत्रकार परिषद को संबोधित करते हुए कहा कि जब एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री थे, उस दौरान ओवला–माजीवड़ा विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निधि उपलब्ध कराकर अनेक विकास कार्य पूरे किए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विकास केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जमीनी स्तर पर उसे अमल में लाया गया।
सरनाईक ने बताया कि घोड़बंदर रोड के विस्तार के दौरान ठाणे महानगरपालिका के पास पर्याप्त फंड उपलब्ध नहीं था। ऐसे समय में राज्य सरकार ने विशेष सहयोग करते हुए आवश्यक निधि प्रदान की, जिससे यह महत्वपूर्ण परियोजना आगे बढ़ सकी।
मंत्री सरनाईक ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल चुनाव के ऐन वक्त पर केवल वादे करते हैं, जबकि एकनाथ शिंदे ने जो कहा, वही करके दिखाया। उन्होंने पत्रकारों के सामने ओवला–माजीवड़ा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की विस्तृत सूची भी पढ़कर सुनाई।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में प्रस्तावित मेट्रो परियोजना आचार संहिता के कारण शुरू नहीं हो सकी, लेकिन आने वाले समय में इसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
मंत्री प्रताप सरनाईक ने ओवला–माजीवड़ा क्षेत्र से शिवसेना के दो उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने पर उन्हें बधाई दी। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में शिवसेना–भाजपा महायुति के सबसे अधिक उम्मीदवार इसी क्षेत्र से जीत दर्ज करेंगे।








