सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध आरोपी
लोकवाहिनी, संवाददाता नागपुर। सदर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत राजनगर परिसर में एक व्यापारी के घर अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर से नकदी, सोना और हीरे-जवाहरात सहित करीब ढाई करोड़ रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि इस चोरी में घर के किसी जानकार व्यक्ति की संलिप्तता हो सकती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलविंदर सिंह नैयर (56) पेट्रोल पंप व्यवसायी हैं और अपने परिवार के साथ राजनगर स्थित सिख लेआउट के प्लॉट नंबर-7 में रहते हैं। उनके छोटे बेटे की सोमवार को सगाई थी, जिसके चलते पूरा परिवार कलमेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सोमवार शाम करीब 7:40 बजे घर पर ताला लगाकर रवाना हुआ था। इसी दौरान एक अज्ञात चोर दुपहिया वाहन से वहां पहुंचा और घर के पिछले रास्ते से सेंधमारी कर अंदर दाखिल हुआ।
चोर ने बेहद सटीक तरीके से केवल उसी कमरे को निशाना बनाया, जहां नकदी और आभूषण रखे थे। वहां से उसने करीब 65 लाख रुपये नकद, 247 तोला सोना और डायमंड सहित कुल ढाई करोड़ रुपये मूल्य का माल चुरा लिया। परिवार जब मंगलवार तड़के करीब 3 बजे घर लौटा, तब उन्हें चोरी का पता चला। इसके बाद सदर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।









