इंफाल। मणिपुर में चल रही उग्रवाद विरोधी कार्रवाई को एक बड़ी सफलता मिली है। असम राइफल्स ने चुराचांदपुर जिले के घने जंगलों में चलाए गए ‘ऑपरेशन सोंगकोट’ के दौरान प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) के एक वरिष्ठ कमांडर और पांच अन्य उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है।
असम राइफल्स की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह अभियान 1 अक्टूबर को चलाया गया था। इसमें यूकेएनए का वरिष्ठ कमांडर एस.एस. लेफ्टिनेंट जामखोगिन गुइटे लुफो उर्फ पेप्सी को धर दबोचा गया। उनके साथ पांच अन्य उग्रवादी भी गिरफ्त में आए। बल ने कहा कि इस अभियान ने चुराचांदपुर और जिरीबाम जिलों में यूकेएनए के नेटवर्क को करारा झटका दिया है।
अधिकारियों के अनुसार, पकड़ा गया कमांडर जनवरी 2024 में बिष्णुपुर जिले में मेइती समुदाय के चार लोगों (एक पिता-पुत्र सहित) की हत्या में कथित रूप से शामिल था। यह घटना उस समय की है जब राज्य में पहले से जातीय तनाव गहराता जा रहा था।
गौरतलब है कि मणिपुर में मई 2023 से मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच जारी जातीय हिंसा में अब तक 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हुए हैं। ऐसे में यह कार्रवाई सुरक्षा बलों के लिए न सिर्फ एक बड़ी उपलब्धि है बल्कि क्षेत्र में शांति बहाली की दिशा में अहम कदम भी मानी जा रही है।






