प्रदर्शनकारियों का सीआरपीएफ कैंप पर हमला, जवाबी फायरिंग में 2 की जान गई
लोकवाहिनी, संवाददाता:इंफाल। मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में सोमवार देर रात किए गए एक बम हमले में दो बच्चों की मौत हो गई तथा उनकी मां घायल हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों ने घटना के विरोध में मंगलवार सुबह प्रोटेस्ट किया। इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास दो ऑयल टैंकर और एक ट्रक में आग लगा दी।
उन्होंने मोइरांग पुलिस स्टेशन के सामने टायर जलाए और एक पुलिस चौकी को तोड़ दिया। इसके बाद भीड़ ने घटनास्थल से 100 मीटर दूर सीआरपीएफ (CRPF) कैंप पर भी हमला कर दिया। जवाबी फायरिंग में 2 की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। मणिपुर सरकार ने मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए, इंफाल वेस्ट, इंफाल ईस्ट, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सर्विस को 3 दिनों के लिए बंद कर दिया है।
वहीं मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने इस हमले को बर्बर कृत्य करार दिया और लोगों को आश्वासन दिया कि इस अपराध के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करके उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।







