भाजपा-शिवसेना का ठाकरे गुट पर हमला
ठाणे:ठाणे शहर में मराठी भाषा को लेकर राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। घोड़बंदर रोड परिसर में मनसे और उद्धव ठाकरे गुट (उबाठा) द्वारा अंग्रेज़ी भाषा में लगाए गए बैनरों को लेकर विरोधियों को नया मुद्दा मिल गया है। आमतौर पर मराठी भाषा के समर्थन में मुखर रहने वाले ठाकरे गुट पर अब दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया जा रहा है।
घोड़बंदर रोड परिसर में बड़ी संख्या में विदेश से आने वाले नागरिक और गैर-मराठी भाषी लोग रहते हैं। इसी कारण उन्हें पार्टी के मुद्दे समझाने के उद्देश्य से अंग्रेज़ी भाषा में बैनर लगाए गए, ऐसा स्पष्टीकरण मनसे की ओर से दिया गया है। मनसे नेता अविनाश जाधव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी के 99 प्रतिशत बैनर मराठी भाषा में ही हैं और केवल एक ही बैनर अंग्रेज़ी में लगाया गया है।
हालांकि इस मुद्दे पर भाजपा और शिंदे गुट की शिवसेना ने ठाकरे गुट पर जोरदार हमला बोला है। भाजपा विधायक निरंजन डावखरे और शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने कहा कि “मराठी-मराठी” का नारा देने वाले ठाकरे बंधुओं को मराठी भाषा सिर्फ चुनाव के समय ही याद आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटों के लिए भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है और व्यवहार में इसका पालन नहीं किया जाता।
इस पूरे प्रकरण से ठाणे की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। मराठी अस्मिता और भाषा के मुद्दे पर लगातार बयानबाजी तेज होती जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में राजनीतिक घमासान और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।









