नागपुर के शासकीय दंत महाविद्यालय में ‘मराठी भाषा गौरव दिन’ पर सजी काव्य महफिल ‘दिलखुलास’
नागपुर स्थित शासकीय दंत महाविद्यालय व अस्पताल , नागपूर में 27 फरवरी को मराठी भाषा गौरव दिन उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में प्रसिद्ध कवयित्री और एकपात्री कलाकार स्वाती सुरंगलीकर उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिष्ठाता डॉ. मंगेश फडनाईक ने की। मंच पर डॉ. मंजुषा वऱ्हाडपांडे, डॉ. रितेश कलसकर और मराठी भाषा अधिकारी डॉ. वैभव कारेमोरे भी मौजूद थे।अपने प्रस्ताविक भाषण में डॉ. मंगेश फडनाईक ने मराठी भाषा गौरव दिन के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. वैभव कारेमोरे ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अपनी स्वरचित कविता ‘माझी माय मराठी’ का भावपूर्ण वाचन किया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।
मुख्य अतिथि स्वाती सुरंगलीकर ने अपने विशेष एकपात्री कार्यक्रम ‘दिलखुलास’ की प्रस्तुति दी। अपनी कविताओं और अभिव्यक्ति के माध्यम से उन्होंने जीवन के विविध रंगों को प्रस्तुत किया और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।महाराष्ट्र शासन द्वारा प्रेरित मराठी भाषा पंधरवाड़ा के अंतर्गत निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को मान्यवरों के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजया धोटे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. वैभव कारेमोरे ने किया। यह आयोजन मराठी भाषा और साहित्य के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने वाला साबित हुआ।








