देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचे शिरडी मंदिर प्रशासन ने की विशेष सुविधाएँ और कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था
शिरडी:आज दत्त जयंती के पावन अवसर पर अहमदनगर जिले के शिरडी साईबाबा मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से साई भक्त बड़ी संख्या में शिरडी पहुंच रहे हैं, जिसके चलते मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी चहल-पहल दिखाई दे रही है। साई समाधि मंदिर में सुबह से ही दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं और अनुमान है कि पूरे दिन में लाखों श्रद्धालु साई बाबा के दर्शन करने पहुंचेंगे।
भक्तों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए शिरडी साई संस्थान ने सुरक्षा और सुविधाओं की विशेष व्यवस्थाएँ की हैं। दर्शन के लिए अतिरिक्त कतार मार्ग, पानी व प्रसाद वितरण की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, वही, भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष पुलिस बंदोबस्त का इंतज़ाम किया गया है। नगर पालिका की ओर से स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को भी मज़बूत किया गया है ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
दत्त जयंती के कारण शिरडी आज भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा हुआ है, और श्रद्धालु बाबा के दरबार में शांति, आशीर्वाद और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना कर रहे हैं।










