लोकवाहिनी संवाददाता:अमरावती। जिले के अंजनगाँव सुर्जी स्थित सागर कॉटन फैक्ट्री में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से करोड़ों रुपये का कपास जलकर खाक हो गया। आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे में लगभग 7 से 8 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। आग की लपेट में भारतीय कपास निगम (CCI) का कपास भंडार भी आ गया। हालाँकि, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, राठी परिवार के स्वामित्व वाली सागर कॉटन इंडस्ट्री में मंगलवार सुबह रोज की तरह कामकाज चल रहा था। इसी दौरान अचानक धुएँ के गुबार उठते दिखाई दिए। खुले में रखे कपास और तेज हवा के कारण कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग की लपटें पूरे परिसर में फैल गईं और आसमान में काला धुआँ छा गया।
आग लगने से फैक्ट्री परिसर में रखा भारी मात्रा में कपास जलकर नष्ट हो गया। यहाँ करीब 15 हजार क्विंटल कपास भंडारित किया गया था। इसके अलावा 50 गाड़ियों में सरकी (कपास बीज) भी रखी हुई थी। आग में लगभग 300 से 400 तैयार कपास की गाँठें जलकर राख हो गईं। कुल मिलाकर इस हादसे में करीब 7 से 8 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। फैक्ट्री में रखा सीसीआई (CCI) का कपास भंडार भी आग की चपेट में आ गया।









