लासूर स्टेशन–देवगांव रोड यातायात के लिए बंद
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर, आग पर पाया नियंत्रण
किसी के हताहत होने की खबर नहीं
छत्रपति संभाजीनगर:महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां डीजल से भरे एक टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना लासूर स्टेशन इलाके में हुई। देखते ही देखते टैंकर आग की लपटों से घिर गया और आसमान में धुएं के बड़े-बड़े गुबार फैल गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में टैंकर पूरी तरह जलने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।
एहतियातन लासूर स्टेशन–देवगांव रोड को दोनों ओर से यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। पुलिस ने ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट कर दिया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, टैंकर में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी टीम को भी बुलाया गया है।
फिलहाल दमकल विभाग की टीम हालात को पूरी तरह नियंत्रित करने में जुटी है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।








