मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा-दिल्ली रेल मार्ग पर मंगलवार रात बड़ी रेल दुर्घटना की खबर सामने आई। वृंदावन रोड और आझई स्टेशनों के बीच कोयले से लदी मालगाड़ी के 12 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। रेलवे प्रशासन ने बुधवार को पटरी की मरम्मत युद्धस्तर पर शुरू कर दी है और शाम तक सभी चारों लाइन पर ट्रेन संचालन बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है।
उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह और आगरा मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बहाली कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद ही चौथी लाइन पर रेल यातायात बहाल कर दिया गया था। बुधवार सुबह सात बजे से तीसरी लाइन भी चालू कर दी गई, जिससे दिल्ली की ओर आने-जाने वाली ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से शुरू हो गया है।
पटरी से उतरे डिब्बों को हटा दिया गया है और अब कोयले को हटाने का कार्य जारी है। ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन की मरम्मत पूरी होने के बाद अप और डाउन दोनों मुख्य लाइन जल्द चालू कर दी जाएंगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक जांच अभी शुरू नहीं हुई है। जांच की प्रक्रिया राहत और बहाली कार्य पूरे होने के बाद ही शुरू होगी।
मथुरा स्टेशन के अधीक्षक एन. पी. सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह से तीसरी लाइन पर अप और डाउन दोनों दिशाओं में ट्रेन संचालन शुरू हो गया है और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास लगातार जारी हैं।
रेल यात्री प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रेन यात्रा में देरी और बदलाव के लिए तैयार रहें और रेलवे द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।









