चेन्नई। आंध्र प्रदेश स्थित श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र में पीएसएलवी-सी62/ईओएस-एन1 (PSLV-C62/EOS-N1) ‘पृथ्वी अवलोकन उपग्रह’ अभियान और 15 अन्य उपग्रहों के प्रक्षेपण की उल्टी गिनती रविवार सुबह शुरू हो गयी है। यह मिशन सोमवार सुबह 10:17 बजे श्रीहरिकोटा से उड़ान भरेगा। नए साल में इसरो का यह पहला लॉन्च होगा।
ईओएस-एन1 (EOS-N1), जिसे ‘अनिमेष’ भी कहा जाता है, एक भारतीय हाइपरस्पेक्ट्रल अर्थ इमेजिंग सैटेलाइट है, जिसे डीआरडीओ (DRDO) ने रणनीतिक रक्षा उद्देश्यों के साथ-साथ कृषि, शहरी मानचित्रण और पर्यावरण मूल्यांकन में नागरिक निगरानी के लिए बनाया है।
इसरो ने कहा कि प्रक्षेपण प्राधिकरण बोर्ड (LAB) की मंजूरी मिलने और मिशन तैयारी समीक्षा (MRR) से प्रक्षेपण की अनुमति मिलने के बाद, रविवार दोपहर 12:17 बजे 22 घंटे की उल्टी गिनती शुरू हो गयी। इस अवधि के दौरान चार चरणों वाले इस रॉकेट में प्रणोदक (ईंधन) भरा जाएगा। इसरो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर कहा, “मिलिए पीएसएलवी-सी62 से” – यह पीएसएलवी की 64वीं उड़ान और पीएसएलवी-डीएल (PSLV-DL) संस्करण का 5वां मिशन है।








