नागपुर। राणा प्रताप नगर पुलिस थाना क्षेत्र में एक बड़े आर्थिक धोखाधड़ी प्रकरण का खुलासा हुआ है। शिकायतकर्ता कपिलकुमार नोशान मेश्राम (39), निवासी शेखर एन्क्लेव, डिगडोह, हिंगना ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आरोपी मनोज धर्मचंद नंदनवार और विजय किशन माहुले ने निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपए की ठगी की।
शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता का निर्माण व्यवसाय संरचना ‘एपोस्ट्रॉसिस त्रिमूर्ति लेन, नेल्को सोसायटी क्षेत्र’ में है। आरोपी मनोज नंदनवार और विजय माहुले से यहीं लेनदेन के दौरान पहचान हुई थी। आरोपी मनोज नंदनवार ने शिकायतकर्ता को बताया कि वह और उसकी पत्नी शेयर मार्केट, कमोडिटी, फ्यूचर एंड ऑप्शन और ट्रेडिंग में लोगों के पैसे निवेश कर भारी मुनाफा दिलाते हैं।
आरोपियों ने 6 महीने में 100 फीसदी मुनाफा का झांसा देकर शिकायतकर्ता से 38 लाख रुपये निवेश के रूप में लिए और 76 लाख रुपये का पोस्ट डेटेड चेक थमा दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता सहित उनके रिश्तेदारों और मित्रों से भी कुल ₹2,18,72,123 (दो करोड़ अट्ठारह लाख बहत्तर हजार एक सौ तेईस रुपये) की राशि कथित निवेश के नाम पर ली गई।
लेकिन न तो मुनाफा दिया गया और न ही मूलधन वापस किया गया। सभी को केवल अधिक रकम के पोस्ट डेटेड चेक देकर विश्वासघात किया गया।
शिकायत की जांच के बाद राना प्रताप नगर पुलिस ने आरोपी मनोज धर्मचंद नंदनवार और विजय किशन माहुले के खिलाफ धारा 316(2), 318(4), 3(5), धारा 3 एमपीडीएईटी एक्ट 1999 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक मनोहर दंदले कर रहे हैं।
राना प्रताप नगर पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी उक्त आरोपियों ने निवेश के नाम पर कोई धोखाधड़ी की हो तो वे संबंधित दस्तावेजों के साथ राना प्रताप नगर पुलिस स्टेशन में संपर्क करें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि ऐसी किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।











