मुंबई। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात बुधवार देर रात को बहाल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पहाड़ी खंडाला घाट खंड में एक गैस टैंकर के पलटने के 33 घंटे बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो पाया।
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) के एक अधिकारी ने बताया कि अत्यधिक ज्वलनशील प्रोपीलीन गैस ले जा रहे टैंकर को घाट खंड में अदोशी सुरंग के पास दुर्घटनास्थल से हटा दिया गया, जिससे मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर देर रात 01:46 बजे यातायात फिर से शुरू हो सका। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे भारत का पहला छह लेन का प्रवेश नियंत्रित टोल एक्सप्रेसवे है। 94.5 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मुंबई, रायगढ़ और नवी मुंबई को पुणे से जोड़ता है।
टैंकर मंगलवार शाम करीब पांच बजे मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर पलट गया, जिससे भारी ट्रैफिक जाम लग गया था और व्यस्त एक्सप्रेसवे पर हजारों वाहन घंटों तक फंसे रहे। जाम इतना भीषण था कि वाहनों की करीब 20 किलोमीटर तक लंबी कतार लग गई। इस यातायात संकट के दौरान महिलाओं और बच्चों सहित यात्रियों को भोजन, पानी और शौचालय की सुविधा नहीं मिल पाई।
MSRDC के अधिकारी ने बताया कि बुधवार देर रात पलटे हुए टैंकर से प्रोपीलीन गैस को सुरक्षित रूप से अन्य टैंकरों में स्थानांतरित कर दिया गया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से हटा दिया गया। उन्होंने कहा, दुर्घटनास्थल से क्षतिग्रस्त गैस टैंकर को हटाए जाने के बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यातायात देर रात 01:46 बजे बहाल हो गया। क्षतिग्रस्त वाहन को हटाए जाने के बाद घाट खंड में वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो गई, हालांकि कुछ समय तक जाम बना रहा क्योंकि कई भारी वाहन उस मार्ग पर फंसे हुए थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि टैंकर को हटा दिए जाने के बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यातायात अगले कुछ घंटों में सामान्य हो गया। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब साढे सात बजे अमृतांजन पुल के पास कुछ भारी वाहनों के खराब होने के कारण घाट खंड में यातायात कुछ समय के लिए धीमा हो गया था। मंगलवार को हुए टैंकर हादसे के कारण मुंबई की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद हो गया था, जबकि पुणे की ओर जाने वाले मार्ग से यातायात को अलग-अलग चरणों में मार्ग परिवर्तित (Divert) और नियंत्रित किया गया था।
भारी यातायात जाम और जनता के आक्रोश के चलते MSRDC ने एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली निलंबित कर दी थी। इस भीषण स्थिति से निपटने, पलटे हुए टैंकर से अन्य टैंकरों में गैस स्थानांतरित करने और टैंकर को सुरक्षित रूप से हटाने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), भारत पेट्रोलियम निगम लिमिटेड (BPCL), राजमार्ग पुलिस और MSRDC की टीम को घटनास्थल पर तैनात किया गया था।
इस लंबे व्यवधान से सार्वजनिक परिवहन भी प्रभावित हुआ, जिसके चलते महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की कई बसें एक्सप्रेसवे पर फंस गईं और बड़ी संख्या में नियमित सेवाएं रद्द कर दी गईं। इस घटना से दूध और सब्जियों जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी बाधित हुई, क्योंकि कई मालवाहक वाहन घंटों तक फंसे रहे।









