लोकवाहिनी, संवाददाता नई दिल्ली। भारत ने हाल ही में बांग्लादेश के मयमसिंह (Mymensingh) में एक हिंदू युवक की हत्या की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि हिंदू, ईसाई और बौद्ध समुदाय के लोगों पर हो रहे हमले चिंता बढ़ाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि भारत को उम्मीद है कि हत्या के दोषियों को जल्द न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। इसके साथ ही विदेश मंत्रालय ने कहा कि बांग्लादेश में हो रहे घटनाक्रमों पर भारत की पूरी नजर है।
उन्होंने कहा कि अंतरिम सरकार के कार्यकाल के दौरान अल्पसंख्यकों पर हिंसा की 2,900 से ज्यादा घटनाएं स्वतंत्र स्रोतों की तरफ से दर्ज की गई हैं। उन्होंने साफ कहा कि इन घटनाओं को मीडिया की बढ़ा-चढ़ाकर पेश की गई खबरें या सिर्फ राजनीतिक हिंसा बताकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
भारत ने यह भी दोहराया कि बांग्लादेश में होने वाले आगामी संसदीय चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और सभी को शामिल करने वाले होने चाहिए। वहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के नेता तारिक रहमान की स्वदेश वापसी पर भारत की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। विदेश मंत्रालय ने रहमान की वापसी पर कहा है कि भारत बांग्लादेश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों का समर्थन करता है; इस घटनाक्रम को इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए। (पेज 6 पर)









