लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। भांडेवाडी-बीडगांव इलाके में सोमवार सुबह एक फर्नीचर कारखाने में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग ने आसपास के कई गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। सोमवार सुबह अचानक भांडेवाडी-बीडगांव स्थित एक फर्नीचर बनाने वाले कारखाने में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास के करीब 8 गोदाम भी इसकी चपेट में आ गए। गोदामों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही शहर के अलग-अलग फायर स्टेशनों से 9 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त मदद भी बुलाई गई। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि गोदाम में रखे करीब 3 सिलेंडर ब्लास्ट होने से आग और ज्यादा भड़क गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए। हालांकि, इस भीषण हादसे में राहत की बात यह है कि किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।








