नागपुर। सीताबर्डी के गवलीपुरा स्थित टेकड़ी रोड हनुमान मंदिर में 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर एक विशाल महाप्रसाद वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें 2 लाख 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। विदर्भ स्तर के इस आयोजन में अमूल के शुद्ध देसी घी से तैयार की गई 3,500 किलोग्राम से अधिक की विशेष बर्फी परोसी जाएगी।
इस उत्सव में भारी भीड़, पारंपरिक संगीत और स्वयंसेवकों का व्यापक सहयोग शामिल होगा। टेकड़ी रोड पर आयोजित महाप्रसाद में राजस्थान की केर-सांगरी खास सब्जी बनाई जाती है, जिसका आनंद लेने के लिए व्यापारी, मारवाड़ी सहित सभी समाज के लोग आते हैं। 2 अप्रैल को सुबह 11 बजे पूजा व आरती करने के पश्चात महाप्रसाद की शुरुआत की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि टेकड़ी रोड के इस महाप्रसाद में विदर्भ से भाविक आते हैं। आयोजकों ने बताया कि 31 मार्च से ही मिठाइयां व भजिया बनाने की शुरुआत हो चुकी है। रोटी बनाने के लिए विदर्भ से विशेष महिला श्रमिकों को बुलाया जाता है। हर महिला के समूह को 5 हजार क्विंटल आटा दिया जाता है और महिलाएं 1 अप्रैल की रात से ही रोटियां बनाने की शुरुआत कर देती हैं। महाप्रसाद करीब सुबह 11 बजे शुरू हो जाता है और रात 12 बजे या प्रभु इच्छा तक चलता है। हर वर्ष 2 लाख से अधिक भाविक आते हैं, परंतु इस वर्ष करीब ढाई लाख श्रद्धालु महाप्रसाद का लाभ उठाएंगे।







