विधायक चरणसिंग ठाकूर ने सदोष मानव वध की मांग उठाई
मृतकों के परिजनों को 75 लाख मुआवजे की मांग
SOP लागू होने तक कारखाना बंद रखने की मांग
नागपुर स्फोट प्रकरण में मृतकों की संख्या बढ़कर 19 पहुंच गई है। इस गंभीर घटना को लेकर काटोल विधानसभा क्षेत्र के विधायक चरणसिंग ठाकूर ने सदोष मानव वध का मामला दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह केवल दुर्घटना नहीं, बल्कि लापरवाही का परिणाम है, जिसकी निष्पक्ष और कड़ी जांच होनी चाहिए।
विधायक चरणसिंग ठाकूर विभागीय आयुक्त कार्यालय में चल रही बैठक में शामिल होने पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रखीं। उनका कहना है कि इस पूरे मामले में कई गंभीर चूक सामने आई हैं। बिना उचित प्रशिक्षण के मजदूरों को काम पर लगाया गया, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा प्रशिक्षण न दिया जाए, तब तक उन्हें ऐसे जोखिमपूर्ण कार्यों में नहीं लगाया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार के अधिकारी केंद्र सरकार की एजेंसियों पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। ठाकूर ने कहा कि इस राजनीति को बंद कर जवाबदेही तय की जानी चाहिए।विधायक ने मृतकों के परिजनों को 75 लाख रुपये और घायलों को 25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उचित आर्थिक सहायता की घोषणा नहीं होती, वे पीछे नहीं हटेंगे।
इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से तत्काल मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) घोषित करने की मांग की। उनका कहना है कि SOP तैयार होने तक संबंधित कारखाने को बंद रखा जाए और स्वतंत्र निरीक्षकों की नियुक्ति की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।








