नागपुर:महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर से एक बेहद चौंकाने वाली और डराने वाली खबर सामने आई है। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल सीए रोड स्थित दोसर भवन चौक के पास भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रा. उज्ज्वल अंबादास लांजेवार के घर के पास एक संदिग्ध बैग लंबे समय से पड़ा हुआ था। शुरुआत में इसे नजरअंदाज किया गया, लेकिन जब करीब एक महीने तक बैग वहीं पड़ा रहा, तो उन्हें शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही नागपुर पुलिस और बम निरोधक दस्ता (BDDS) की टीम मौके पर पहुंची। जब बैग की जांच की गई तो उसमें से 15 जिलेटिन की छड़ें, 50 डिटोनेटर और 8 कनेक्टर बरामद हुए। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक का रिहायशी इलाके में मिलना किसी बड़ी साजिश की आशंका को जन्म दे रहा है।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने तुरंत इलाके को खाली करवाया और आसपास की दुकानों को बंद करवा दिया। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि घटना स्थल से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुख्यालय महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और भी सतर्क हो गई हैं। नागपुर के पुलिस कमिश्नर डॉ. रवींद्र सिंघल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह विस्फोटक वहां किसने और किस उद्देश्य से रखा था।
फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, ताकि किसी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।









