लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। जिले की काटोल तहसील में राउलगांव के पास मौजा येनविहीर में गनपाउडर, डिटोनेटर और दूसरे विस्फोटक बनाने वाली एक कंपनी में बड़ा धमाका हुआ है। इस हादसे में 19 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हुए हैं। घायल मजदूरों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस बड़े धमाके के बाद कारखाने में भयंकर आग लग गई, जिसके बाद आसमान में धुएं का गुबार देखने को मिला। हादसे के तुरंत बाद बचाव कार्य (Rescue operation) शुरू कर दिया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, धमाका एसबीएल (SBL) कंपनी में सुबह 6 और 7 बजे के बीच हुआ।
धमाके के समय 45 कामगार और 2 सुपरवाइजर फैक्ट्री में काम कर रहे थे। आग इतनी भयंकर थी कि उसने देखते ही देखते मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस फैक्ट्री में डिटोनेटर बनाया जा रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, धमाका तब हुआ जब तारों को डिटोनेटर से जोड़ा जा रहा था। इस दौरान मौके पर बनी कंक्रीट की बिल्डिंग पूरी तरह से तबाह हो गई है, जिससे धमाके की तीव्रता साफ देखी जा सकती है।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई है। इस आग की सूचना दमकल विभाग को दे दी गई है और दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने के प्रयास कर रही है। इस धमाके की आवाज से इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया। कई किलोमीटर दूर से ही फैक्ट्री के अंदर से धुएं का बड़ा गुबार नजर आ रहा है।
स्थानीय पुलिस प्रशासन और जिले के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुँच चुके हैं। अधिकारियों द्वारा आग लगने के कारणों की जाँच और अंदर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।












