लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। जिले के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म हो रहा है। इस वजह से खुले हुए पेट्रोल पंपों पर भी लोगों की लंबी कतार लग रही है। पेट्रोल भरवाने में एक से डेढ़ घंटे का समय लग रहा है। शहर में पेट्रोल और डीजल की भारी कमी है और कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म हो चुका है। नतीजतन, जिन पंपों पर थोड़ा-बहुत स्टॉक उपलब्ध है, वहां वाहनों की लंबी कतार लग रही है।
दुपहिया, चार पहिया और मालवाहक वाहनों के चालक सुबह से ही ईंधन के लिए इंतजार करते नजर आ रहे हैं। कुछ जगहों पर कतार सड़कों तक पहुंच गई, जिससे यातायात जाम हो गया। पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से ईंधन की आपूर्ति अनियमित हो गई है। कुछ पंपों पर तो ‘स्टॉक खत्म’ के साइन बोर्ड लगाने पड़े हैं क्योंकि स्टॉक पूरी तरह से समाप्त हो गया है। वहीं, नागरिकों में व्याप्त अनिश्चितता के कारण कई लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। इससे उपलब्ध स्टॉक पर और दबाव बढ़ रहा है।
सोमवार की रात से उड़ी अफवाह मंगलवार को हवा का रूप धारण कर चुकी थी। मंगलवार की सुबह से ही पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए कतार लग गई। जिससे कई पेट्रोल पंप पर पैनिक (Panic) स्थिति बनते देख संचालकों ने पेट्रोल पंप बंद करने का फैसला लिया। कई पेट्रोल पंपों पर नागरिकों के बीच स्थिति बिगड़ते देख पुलिस प्रशासन ने कमान संभाली और पेट्रोल पंप खाली करवाया।
दैनिक श्रमिकों के लिए बनी समस्या
पेट्रोल और डीजल जैसे ईंधन की कमी के कारण कई नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से दिहाड़ी मजदूर, डिलीवरी बॉय, ऑटो चालक और छोटे व्यापारी इस स्थिति से बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। कुछ लोगों को अपना सामान पैदल लेकर जाना पड़ रहा है क्योंकि उनके वाहनों में पेट्रोल नहीं है। बाजारों में सामान पहुंचाने वाले वाहन भी देरी से चल रहे हैं, जिसका असर खुदरा व्यापार पर भी दिखने लगा है।
यातायात जाम, घंटों का इंतजार
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए यातायात पुलिस ने कुछ स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। हालांकि, लंबी कतारों और जाम के कारण नागरिकों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा ईंधन आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन संकेत मिल रहे हैं कि स्थिति में सुधार होने में समय लगेगा।











