मानकापुर जिला अस्पताल में 9 साल बाद भी अधूरे काम
डॉक्टर और सुविधाओं की कमी पर सरकार घिरी
शिवभोजन योजना में गड़बड़ी का आरोप
पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल
पश्चिम नागपुर के विधायक विकास ठाकरे ने उठाया मुद्दा
नागपुर से जुड़ा स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बार फिर बड़ा मुद्दा सामने आया है। कांग्रेस पश्चिम नागपुर के विधायक विकास ठाकरे ने मुंबई में शुरू प्रथम अर्थसंकल्पीय महाराष्ट्र विधानसभा में मानकापुर स्थित जिला सामान्य अस्पताल मानकापुर की बदहाल स्थिति पर कड़ी नाराज़गी जताई।
उन्होंने कहा कि अस्पताल को मंजूरी मिले नौ साल बीत चुके हैं, लेकिन आज तक निर्माण कार्य अधूरा है और ऑपरेशन थिएटर भी शुरू नहीं हो पाया है। डॉक्टरों, नर्सों और मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी के कारण नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए तुरंत अतिरिक्त निधि मंजूर करने की मांग की।विधायक ठाकरे ने राज्य सरकार की शिवभोजन योजना में भी अनियमितताओं का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बंद केंद्रों को भी अनुदान दिया जा रहा है, जबकि ईमानदारी से संचालित केंद्रों की थकबाकी लंबित है। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और बकाया भुगतान तुरंत करने की मांग की।
इसके अलावा, नागपुर शहर में हाल ही में हुई दो गंभीर घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। आरोपी के फरार होने की घटनाओं में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की गई।
इसी दौरान, हर्षवर्धन सपकाल, अध्यक्ष महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमिटी, के मुंबई स्थित विधान भवन दौरे पर विधायक विकास ठाकरे और अन्य कांग्रेस विधायकों ने उनका स्वागत किया। यह मुद्दा अब राजनीतिक रूप से गरमाता नजर आ रहा है और स्वास्थ्य व प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सरकार की जवाबदेही को लेकर बहस तेज हो गई है।








