पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों पर जिलाधिकारी ने दी सफाई
राजस्व समस्याओं के समाधान के लिए जिले में विशेष शिविरों का आयोजन
नागपुर जिले में 9 मार्च से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी डॉ. विपिन इटनकर ने बताया कि यह विशेष टीकाकरण अभियान 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों के लिए चलाया जाएगा। यह अभियान जिले के सभी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में 9 मार्च से अगले 90 दिनों तक संचालित किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक किशोरियों को इस टीके का लाभ पहुंचाना है।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने बताया कि राजस्व विभाग की ओर से नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए “छत्रपति शिवाजी महाराज राजस्व शिविर” आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान का पहला चरण 7 मार्च से शुरू होगा। जिले के सभी मंडलों में इस शिविर के प्रचार-प्रसार की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और पहले चरण की तैयारी भी लगभग पूरी हो चुकी है।
मार्च महीने में 7 मार्च और 14 मार्च को शिविर की तैयारी की जाएगी। इसके बाद 10 अप्रैल और 17 अप्रैल को दो शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं शहरी क्षेत्रों में 8 मई और 15 मई को भी ऐसे शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से लंबित नामांतरण, अभिलेखों में सुधार तथा अन्य राजस्व संबंधी मामलों का निपटारा किया जाएगा। साथ ही नागरिकों की शिकायतें भी स्वीकार की जाएंगी और उनका समाधान एक महीने के भीतर करने का प्रयास किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ईरान-इजरायल युद्ध की खबरों के कारण कई स्थानों पर ईंधन की कमी की अफवाह फैल रही है, जिसके चलते पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ रही है। हालांकि नागपुर जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, इसलिए नागरिकों को घबराने या अनावश्यक भीड़ करने की जरूरत नहीं है।








