नागपुर:महाराष्ट्र के नागपुर स्थित राष्ट्रसंत तुकड़ोजी कैंसर अस्पताल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कैंसर रिलीफ सोसायटी की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महिलाओं के स्वास्थ्य, कैंसर जागरूकता और सामाजिक सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में नागपुर की महापौर नीता ठाकरे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उन्होंने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस कार्यक्रम का आयोजनइंडियन मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब ऑफ नागपुर मेडिकोज, श्री गुरुदेव सेवा मंडल, नागपुर ऑब्सटेट्रिक एंड गायनेकोलॉजिकल सोसाइटी औरविदर्भ एसोसिएशन ऑफ पैथोलॉजिस्ट्स एंड माइक्रोबायोलॉजिस्ट्स के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद प्रशिक्षणार्थी छात्राओं ने महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए संभावित समाधान भी प्रस्तुत किए। साथ ही पथनाट्य और विशेष घोषणाओं के माध्यम से महिलाओं में होने वाले विभिन्न प्रकार के कैंसर के प्रति जनजागृति भी की गई।
इस दौरान कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सफलतापूर्वक उबर चुकी महिलाओं का भी विशेष सम्मान किया गया। महापौर नीता ठाकरे के हाथों उन्हें सम्मानित कर उनके साहस और प्रेरणादायी जीवन यात्रा की सराहना की गई।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव श्री पालिवाल, कोषाध्यक्ष केवलरामानी, डॉ. रश्मी राव, अन्य डॉक्टर, मेडिकल स्टाफ, सहायक स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
कार्यक्रम की रूपरेखा और संचालन डॉ. बी. के. शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. प्रशांत सोमकुंवर ने किया। इस अवसर पर रत्नाकर मुलिक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, लोकवाहिनी मीडिया का भी विशेष सम्मान किया गया।







