नागपुर:महाराष्ट्र के नागपुर में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। शहर के कलमना कृषि उपज मंडी में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे किसानों द्वारा लाया गया अनाज पूरी तरह भीग गया।
जानकारी के अनुसार, १ अप्रैल के दिन मेघगर्जना के साथ हुई तेज बारिश के चलते मंडी परिसर में बड़े पैमाने पर पानी जमा हो गया। इस कारण गहूं, चना और दाल जैसी फसलें खुले में रखी होने की वजह से भीग गईं। विशेषज्ञों के अनुसार, नमी के कारण इन फसलों की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
स्थिति और भी गंभीर इसलिए हो गई क्योंकि कई किसानों का माल समय पर नहीं उठाया गया था। व्यापारी द्वारा देरी से उठाव के चलते यह अनाज खुले में ही पड़ा रहा और बारिश की चपेट में आ गया। किसानों का कहना है कि अगर समय पर व्यवस्था की जाती, तो इस नुकसान से बचा जा सकता था।
किसानों ने प्रशासन और मंडी समिति से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि मंडी में जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर साल ऐसी समस्याएं सामने आती हैं। इस घटना ने एक बार फिर कृषि मंडियों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर समय रहते बुनियादी सुविधाओं में सुधार नहीं किया गया, तो भविष्य में भी किसानों को इसी तरह के नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।
फिलहाल किसान अपने नुकसान का आकलन कर रहे हैं और प्रशासन से मुआवजे की उम्मीद कर रहे हैं।









