नागपुर:नागपुर के कलमना थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मारपीट का मामला सामने आया है, जहां मामूली कहासुनी के बाद पानठेला संचालक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माजरी रेलवे बोगदा क्षेत्र में “महफिल” नाम से पानठेला चलाने वाले मोहन ने कलमना पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। घटना रात करीब 9 बजे की है, जब तीन अज्ञात युवक पानठेले पर आए और आपस में गाली-गलौज करने लगे।मोहन ने उन्हें समझाते हुए कहा कि यहां अन्य ग्राहक भी मौजूद हैं और उनके व्यवहार से लोगों को परेशानी हो रही है। इस पर वे तीनों युवक वहां से चले गए।
हालांकि, कुछ ही देर बाद तीनों युवक वापस लौटे और इस बार उनके हाथों में लकड़ी के डंडे थे। आते ही उन्होंने मोहन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने डंडों से उनके सिर पर वार किया, वहीं पानठेले पर मौजूद चाय की केतली से भी हमला किया। इस हमले में मोहन के सिर पर गंभीर चोट आई।
घटना के बाद कलमना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।जांच के दौरान आरोपियों की पहचान माजरी क्षेत्र के रहने वाले लकी हरिणखेडे, विशाल बोरकर और पियूष कांबले के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
यह कार्रवाई जोन-5 के वरिष्ठ अधिकारियों, सहायक पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक काले के मार्गदर्शन में की गई। जांच टीम में उपनिरीक्षक शशिकांत मुसले के साथ पुलिस हवलदार प्रमोद कंगले, विशाल भैसारे, ललित शेंडे, अविनाश ग्वालवंशी और अजय गटलेवार का विशेष योगदान रहा।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है







