नागपूर:नागपुर के कोराडी इलाके में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोराडी पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित ‘दर्पण’ बार एंड रेस्टोरेंट को निशाना बनाते हुए चोरों ने शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी सहित महंगी विदेशी शराब पर हाथ साफ कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, 15 मार्च की रात करीब साढ़े 11 बजे बार के कर्मचारी प्रतिष्ठान बंद कर घर चले गए थे। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने देर रात शटर तोड़कर बार में घुसपैठ की। अंदर जाकर उन्होंने काउंटर में रखी नकदी और महंगी विदेशी शराब की बोतलें चोरी कर लीं।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोरों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। फुटेज के अनुसार, चोर बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं, जिससे उनके पेशेवर होने की आशंका जताई जा रही है।इस मामले में बार के मैनेजर दिनेश सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कोराडी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं के चलते कोराडी और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच डर का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
कोराडी में हुई इस चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के लिए अब आरोपियों को जल्द पकड़ना बड़ी चुनौती बन गया है।









