घटिया कंक्रीटीकरण से सड़कें बनी जानलेवा
शिवछत्रपती युवा संघटना ने दी आंदोलन की चेतावनी
दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई की उठी मांग
नागपुर:नागपुर शहर में ओ सी डब्ल्यू विभाग की लापरवाही अब नागरिकों की जान पर भारी पड़ती नजर आ रही है। शहर के विभिन्न इलाकों में पाइपलाइन लीकेज की जांच के नाम पर जगह-जगह गड्ढे खोद दिए गए हैं, लेकिन इन गड्ढों को सही तरीके से नहीं भरा जा रहा है। आरोप है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा गड्ढों को भरते समय न तो उचित तरीके से पानी का छिड़काव किया जा रहा है और न ही मानक के अनुसार कंक्रीटीकरण किया जा रहा है। सिर्फ ऊपर-ऊपर से कंक्रीट डालकर काम पूरा दिखाया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस घटिया निर्माण कार्य के कारण सड़कें बेहद खतरनाक हो गई हैं। कई स्थानों पर वाहन गुजरते ही पूरा पहिया गड्ढे में धंस जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। खासकर रात के समय दोपहिया वाहन चालकों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह स्थिति और भी जोखिम भरी हो गई है। इस मामले को लेकर शिवछत्रपती युवा संघटना ने कड़ा रुख अपनाया है।
संगठन ने ओ सी डब्ल्यू विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई और गड्ढों का मानक के अनुसार सही कंक्रीटीकरण नहीं किया गया, तो आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने स्पष्ट कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहरवासियों की मांग है कि सभी गड्ढों का तकनीकी जांच के बाद पुनः सही तरीके से मरम्मत कार्य किया जाए और दोषी ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोहराई न जाए।











