नागपुर पेपर लीक मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, शिक्षक हिरासत में
मामले में नाबालिग की भी संलिप्तता, जांच जारी
3 आरोपी न्यायिक हिरासत में, एक छात्र को जमानत
डिजिटल साक्ष्यों और आर्थिक लेनदेन की हो रही जांच
महाराष्ट्र के नागपुर में सामने आए पेपर लीक मामले में पुलिस जांच लगातार तेज होती जा रही है। इस प्रकरण में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि छठा आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे गहन पूछताछ जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, छठा आरोपी एक स्कूल शिक्षक बताया जा रहा है, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि इस मामले में एक नाबालिग की भी संलिप्तता है। पुलिस ने संबंधित नाबालिग को विधि अनुसार प्रक्रिया में लिया है। अब तक तीन आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, मामले में गिरफ्तार एक छात्र को अदालत से जमानत मिल गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पेपर लीक नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। डिजिटल साक्ष्य, मोबाइल डेटा और आर्थिक लेनदेन की भी जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि प्रश्नपत्र किस स्तर से लीक हुआ और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस घटना के सामने आने के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है।











