नागपुर:नागपुर के सीए रोड स्थित एक प्रतिष्ठित प्यूमा शोरूम में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शोरूम के स्टोर मैनेजर द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि 22 फरवरी 2026 को दुकान का शटर टूटा हुआ पाया गया। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो नकदी सहित कपड़े, जूते, बैग और अन्य एक्सेसरीज चोरी हो चुकी थीं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 88,702 रुपये आंकी गई। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन शोरूम के सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए। इसके बावजूद जांच टीम ने हार नहीं मानी और आसपास के करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले।
जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सुमित मेश्राम और रौनक चौधरी के रूप में हुई है, जो जरीपटका क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके पास से करीब 42,800 रुपये मूल्य का चोरी का सामान जब्त किया है, जिसमें जैकेट, टी-शर्ट, चप्पल, बैग और अन्य सामग्री शामिल है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले भी चोरी और सेंधमारी के मामलों में संलिप्त रहे हैं। फिलहाल आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेजा गया है। आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उप आयुक्त राहुल मदने और सहायक पुलिस आयुक्त शिवप्रसाद पारवे के मार्गदर्शन में की गई।








