लोकवाहिनी संवाददाता नागपुर। होली के त्योहार के मद्देनजर शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागपुर पुलिस के जोन-3 ने बड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए 280 आदतन अपराधियों पर कानूनी पाबंदियां लगाई हैं। यह अभियान उपायुक्त (डीसीपी) राहुल मदने के नेतृत्व में चलाया गया।
यह कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 163(2) के तहत की गई है। होली के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर भीड़, देर रात तक कार्यक्रम और सड़कों पर बढ़ती आवाजाही के कारण छोटे विवादों से लेकर समूहों में झड़प तक की आशंका रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने पहले से सख्त कदम उठाए हैं।
तड़ीपार और कड़ी निगरानी पुलिस ने पुनरावृत्ति करने वाले अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर और पहले कानून-व्यवस्था भंग कर चुके व्यक्तियों की सूची तैयार की। इनके खिलाफ तड़ीपार आदेश, कड़ी निगरानी और गतिविधियों पर नियंत्रण जैसे कदम उठाए गए हैं। 1 मार्च से 4 मार्च 2026 तक, यानी होली के मुख्य दिनों में, इन व्यक्तियों को शहर की सीमा से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।








