नागपुर में रामनवमी शोभायात्रा में दिखा हिंदू-मुस्लिम एकता का अनोखा नज़ारा
मुस्लिम समुदाय ने फूल बरसाकर किया शोभायात्रा का स्वागत
नगरसेवक मुजतबा अंसारी बोले—“एकता ही हमारी असली ताकत”
शिप्ली माता मंदिर से निकली भव्य यात्रा ने दिया सौहार्द का संदेश
नागपुर:रामनवमी के पावन अवसर पर नागपुर के महेंद्र नगर स्थित प्राचीन शिप्ली माता मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से भर दिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ। इसके बाद यात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची, जहां लोगों ने जगह-जगह स्वागत की व्यवस्था की थी। भगवा ध्वजों और आकर्षक झांकियों से सजी यह यात्रा श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर रही थी।
हालांकि इस वर्ष की शोभायात्रा की सबसे खास बात रही सांप्रदायिक सौहार्द का प्रेरणादायक दृश्य। जब यात्रा प्रभाग क्रमांक 6 में पहुंची, तो स्थानीय नगरसेवक मुजतबा अंसारी और बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।मुस्लिम भाइयों ने फूलों की वर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया और उनके स्वागत में विशेष व्यवस्थाएं कीं। इस दौरान उपस्थित नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में एकता और भाईचारे का सशक्त संदेश बताया।इस अवसर पर नगरसेवक मुजतबा अंसारी ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी साझा संस्कृति और आपसी सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने सभी से एक-दूसरे के त्योहारों में सहभागिता बढ़ाने की अपील की।
यह आयोजन नागपुर में सामाजिक समरसता और शांति की मिसाल बनकर उभरा।










