लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। शहर के यशोधरा नगर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत राजीव गांधी फ्लाईओवर पर गुरुवार सुबह करीब साढे 8 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। इस हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
कार क्रमांक MH 31 FR 0411 में दो लोग सवार थे। मृतक की पहचान 42 वर्षीय विनोद भीमराव काले के रूप में हुई है, जो मानकापुर स्थित अवस्थी नगर चौक के निवासी थे और मजदूरी का कार्य करते थे। हादसे के समय वे अपने परिचित निहाल सिंह ठाकुर के साथ बालाघाट जा रहे थे। बताया जा रहा है कि निहाल सिंह ठाकुर के घर का निर्माण कार्य बालाघाट में शुरू है, जिसके लिए वे नागपुर से विनोद काले को साथ लेकर जा रहे थे। कार विनोद काले चला रहे थे।
इसी दौरान फ्लाईओवर पर अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी ओर पलट गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। हालांकि सुबह का समय होने के कारण ट्रैफिक कम था, जिससे कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने विनोद काले को मृत घोषित कर दिया। वहीं, निहाल सिंह ठाकुर का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक के बेटे ऋत्विक विनोद काले (22) की शिकायत पर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है। यशोधरा नगर पुलिस द्वारा आगे की जाँच की जा रही है।












