तकनीकी जांच से लाखों का चोरी गया माल बरामद
पुलिस की तत्परता से बड़ी वारदात टली
नागपुर | नारा रोड स्थित सोनू पानट्या क्षेत्र में हुई बड़ी घरफोड़ चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह घटना 19 जनवरी 2026 की है, जब शिकायतकर्ता नरेंद्र टाले अपने रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए थे। रात को घर बंद था, सुबह लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के दरवाजे का ताला तोड़कर चोरों ने सोना, चांदी और नकद सहित लगभग साढ़े पांच लाख रुपये का माल चोरी कर लिया है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एपीआई मोर्खडे और उनकी टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी जांच और गुप्त सूत्रों की मदद से आरोपी की पहचान की। इस मामले में राहुल उर्फ एडा सेवग्राम डहारे (उम्र 23 वर्ष, निवासी डेपटी सिग्नल) को गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ एक नाबालिग लड़के की भी संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से लगभग 7 लाख 78 हजार रुपये का चोरी किया गया माल बरामद किया है। आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है और शेष माल की बरामदगी की प्रक्रिया जारी है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी है और पहले भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त, संयुक्त पुलिस आयुक्त, क्षेत्रीय अधिकारी, डीसीपी और एसीपी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक की गई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे घर बंद करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।









