नासिक: महाराष्ट्र के नासिक में दीवाली के जश्न से पहले एक दर्दनाक हादसा हुआ। लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रक्सौल (बिहार) जा रही ट्रेन में सवार तीन यात्री अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गए। इस हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस और रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह घटना शनिवार रात करीब 9 बजे नासिक रोड रेलवे स्टेशन के पास हुई। ट्रेन नासिक रोड स्टेशन पर नहीं रुकती, इसलिए हादसे के तुरंत बाद रेलवे कर्मचारियों ने नासिक रोड पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव दल
नासिक रोड थाना के वरिष्ठ निरीक्षक जितेंद्र सापकले ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पटरियों के बीच दो यात्रियों के शव और एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति मिले। सभी को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित किया। घायल यात्री की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे नासिक के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारी सपकाले ने बताया कि हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में यह देखना बाकी है कि यात्री ट्रेन के दरवाजे पर खड़े थे या किसी अन्य वजह से गिर गए। घायल व्यक्ति इस समय बयान देने की स्थिति में नहीं है, और कोई प्रत्यक्षदर्शी भी सामने नहीं आया है।
दोनों मृतकों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने फिलहाल यह मामला आकस्मिक मृत्यु के रूप में दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों से संपर्क कर उनकी शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है।
रेलवे और पुलिस टीम हादसे के कारणों की गहन जांच में लगी हुई है, ताकि यह साफ हो सके कि यह दुर्घटना सामान्य है या किसी अन्य चूक की वजह से हुई।










