बोरीवली पुनर्वसन पर बड़ा बयान, कुछ को घर मिले, कुछ का इंतजार बाकी
पुनर्वसन को लेकर होगी बैठक, सरकार लेगी अंतिम फैसला
मुंबई:मुंबई के बोरीवली क्षेत्र में पुनर्वसन को लेकर चल रहे विवाद पर राज्य के वन मंत्री गणेश नाइक ने महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बोरीवली में कुछ प्रभावित लोगों को घर दिए जा चुके हैं, जबकि कुछ लोगों का पुनर्वसन अभी बाकी है। इस पूरे मामले पर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा और इसके लिए संबंधित विभागों की एक बैठक आयोजित की जाएगी।
गणेश नाइक ने कहा कि पुनर्वसन से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा कर संतुलित और न्यायसंगत फैसला लिया जाएगा, ताकि किसी के साथ अन्याय न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार इस विषय को गंभीरता से ले रही है।
बोरीवली में हुई कथित पत्थरबाजी की घटना के संबंध में पूछे गए सवाल पर गणेश नाइक ने कहा कि उन्हें इस घटना की फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं इस बारे में जानकारी लेता हूं और तथ्य सामने आने के बाद उचित कदम उठाए जाएंगे।”
संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान (नेशनल पार्क) को लेकर बोलते हुए वन मंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में मौजूद झोपड़पट्टियों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। कोर्ट के आदेशों का पालन करना सरकार की जिम्मेदारी है और इसी के तहत कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए पुनर्वसन की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। जिन लोगों को अब तक घर नहीं मिले हैं, उनके पुनर्वसन के लिए सरकार समाधान निकालने का प्रयास कर रही है।
इस बयान के बाद बोरीवली पुनर्वसन मुद्दे पर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। आने वाले दिनों में होने वाली बैठक पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।









