जिनेवा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड पर कब्जे के प्लान को दुनिया के सामने सही ठहराया है। बुधवार को दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) को संबोधित करते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोप को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि यूरोप सही दिशा में आगे नहीं बढ़ रहा है, हालाँकि वे यूरोपीय देशों से प्यार करते हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि नाटो (NATO) अमेरिका को ग्रीनलैंड सौंप दे। उन्होंने कहा कि ग्रीनलैंड की सुरक्षा अमेरिका के अलावा कोई और देश नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि हमें राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी ग्रीनलैंड की जरूरत है। ट्रंप ने अपने भाषण में कहा कि ग्रीनलैंड को हासिल करने के लिए अमेरिका ताकत का इस्तेमाल नहीं करेगा। ग्रीनलैंड पर कब्जे का विरोध करने के लिए उन्होंने डेनमार्क को अहसान फरामोश कहा।
WEF में अपने भाषण की शुरुआत में ट्रंप ने कहा— “खूबसूरत दावोस वापस आकर अच्छा लग रहा है। यहाँ कई बिजनेस लीडर्स, कई दोस्त, कुछ दुश्मन और खास मेहमान मौजूद हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि यूरोप गलत दिशा में जा रहा है। ट्रंप ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था के वैश्विक प्रभाव पर जोर देते हुए कहा कि अमेरिका इस ग्रह पर सभी देशों का आर्थिक इंजन है। जब अमेरिका में आर्थिक उछाल आता है, तो पूरी दुनिया में उछाल आता है।









