नागपुर में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार गुट ने इस मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन किया, वहीं बारामती उपचुनाव को लेकर भी अहम प्रतिक्रिया सामने आई है।
नागपुर के व्हेरायटी चौक पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार गुट के नेताओं ने पूर्व मंत्री अनिल देशमुख के नेतृत्व में जोरदार आंदोलन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण शहर में गैस सिलेंडर का भारी संकट पैदा हो गया है, जिससे आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आंदोलन के दौरान नेताओं ने कहा कि नागरिकों को गैस सिलेंडर पाने के लिए एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है।
इसके बावजूद सरकार इस समस्या को नजरअंदाज करते हुए तुटवड़े से इनकार कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि इस समस्या का तुरंत समाधान किया जाए और आम लोगों को राहत दी जाए। वहीं, बारामती उपचुनाव को लेकर अनिल देशमुख ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस पर अंतिम निर्णय वरिष्ठ स्तर पर लिया जाएगा। हालांकि उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर यह इच्छा जताई कि बारामती की चुनाव प्रक्रिया बिना मुकाबले यानी बिनविरोध होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि अजित दादा के निधन को लेकर अभी भी कई लोगों के मन में सवाल हैं और यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह एक हादसा था या कोई साजिश। राज्य ने एक अनुभवी और काबिल नेता को खो दिया है, इसलिए सभी दलों को मिलकर सहमति से चुनाव कराने पर विचार करना चाहिए। गैस संकट और बारामती उपचुनाव को लेकर दिए गए इस बयान से राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।









