लोकवाहिनी, संवाददाता मुंबई। महाराष्ट्र में कुछ नगर निकायों में चुनाव के बाद भाजपा ने अपने विरोधी दलों कांग्रेस और एआईएमआईएम के साथ कथित तौर पर गठबंधन कर लिया था। हालांकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ऐसे गठबंधन अस्वीकार्य हैं और इन्हें तोड़ दिया जाएगा।
महाराष्ट्र की अंबरनाथ और अकोट नगरपालिका चुनाव के रिजल्ट के बाद बुधवार को अप्रत्याशित गठबंधन देखने को मिला था। अंबरनाथ नगरपालिका में भाजपा ने कांग्रेस-एनसीपी से हाथ मिलाया। वहीं, अकोला जिले की अकोट नगर परिषद में पार्टी ने असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के साथ गठबंधन किया। हालांकि यह गठबंधन कुछ ही घंटों में टूट गया।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को इन गठबंधन को खारिज कर दिया। उन्होंने पार्टी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। कांग्रेस ने भी अंबरनाथ के 12 पार्षदों को पार्टी से सस्पेंड कर दिया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आगे कहा कि ऐसे गठबंधन अस्वीकार्य हैं और इन्हें तोड़ दिया जाएगा।
पिछले महीने हुए नगर निकाय चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी ने अंबरनाथ नगर परिषद में शिवसेना को किनारे कर अपनी चिर प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस और अजित पवार की राकांपा के साथ ‘अंबरनाथ विकास अघाड़ी’ नामक गठबंधन बनाया था। इसी तरह, अकोला जिले की अकोट नगर परिषद में भाजपा ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और कुछ अन्य दलों के साथ गठबंधन किया था।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने साफ कहा कि ऐसे गठबंधनों को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने मंजूरी नहीं दी है और यह अनुशासन के खिलाफ है।








