लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बुधवार को कहा कि हमारे पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। देश में किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल पंपों को सप्लाई करने वाले टर्मिनलों पर भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
नई दिल्ली में इंटर-मिनिस्ट्रियल ब्रीफिंग के दौरान पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने लोगों से डर और घबराहट में पेट्रोल-डीजल की खरीदारी करने से बचने की अपील की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
सुजाता शर्मा ने कहा— “पैनिक बाइंग (घबराहट में खरीदारी) के कारण पिछले दो दिनों में कई जगहों पर पेट्रोल पंप और रिटेल आउटलेट्स के बाहर लंबी कतारें देखी गई हैं। हम बताना चाहते हैं कि देश में कच्चे तेल का पर्याप्त स्टॉक है। हमारे पास सालाना करीब 26 करोड़ टन कच्चा तेल रिफाइन करने की क्षमता है।”









