नोएडा (उप्र)। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने शनिवार को एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो नकली सोने-चांदी के आभूषणों पर शुद्धता की मुहर लगाकर उन्हें असली बताकर बेचता था। पुलिस ने आरोपी से बड़ी मात्रा में नकली आभूषण बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज कपूर (निवासी पानीपत, हरियाणा) के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित साया अपार्टमेंट में रह रहा था। पुलिस की मानें तो आरोपी बीते तीन वर्षों में दर्जनों लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर चुका है।
कैसे चलता था नकली गहनों का खेल?
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि आरोपी आभूषणों पर शुद्धता की मोहर लगवाकर उन्हें ग्राहकों को बेचता था। उसके पास न तो कोई वैध लाइसेंस था और न ही जीएसटी पंजीकरण। ग्राहकों का विश्वास जीतने के लिए वह खुद को सुनार परिवार का बताता था।
जांच में सामने आया कि पंकज ने पैरामाउंट अपार्टमेंट स्थित अपनी शॉप पर लोगों से गहने गिरवी रखवाकर भी ठगी की। मार्च में उसने पीड़ित सौरभ की 1.30 लाख रुपये की चेन गिरवी रखी और बाद में लौटाने से मुकर गया। इसी तरह अप्रैल में दिवाकर नामक ग्राहक को 15 लाख रुपये के नकली सोने के बिस्किट और हार बेचकर फरार हो गया था।
क्या-क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में नकली गहने और नकदी बरामद किया- 61 कड़े और कंगन, 71 अंगूठियां, 25 सोने की चेन, 26 मंगलसूत्र, 8 ब्रेसलेट, 170 झुमके, चांदी के नकली नोट और मूर्तियां, 13 कटोरी, 2 खड़ाऊं, 50,500 नकद, दुकान के पंपलेट और इलेक्ट्रॉनिक टैग मशीन
पहले से कई मामलों में वांछित
एसीपी सेंट्रल नोएडा बीएस वीर ने बताया कि आरोपी पंकज कपूर पर गाजियाबाद, इंदिरापुरम, सूरजपुर और सेक्टर-142 थानों में दर्जनभर मुकदमे दर्ज हैं। वह गैंगस्टर एक्ट के तहत भी वांछित चल रहा था और पहले जेल भी जा चुका है। गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25,000 रूपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि केवल रजिस्टर्ड ज्वैलर्स से ही आभूषण खरीदें। खरीदारी करते समय गहनों की शुद्धता प्रमाणित कराएं और बिल अवश्य लें। संदिग्ध दुकानदारों से सोना-चांदी या अन्य कीमती धातुएं न खरीदें।








