नागपूर:नागपुर में पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन थंडर के तहत एमडी ड्रग्स तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सतर्क पेट्रोलिंग के दौरान क्राइम ब्रांच के डीबी दस्ते को गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग इंदौर से एमडी ड्रग्स नागपुर ला रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने महिंद्रनगर स्थित पानी की टंकी परिसर में जाल बिछाया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पहले प्रणेश ठाकूर और जावेद खान को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद ड्रग्स डिलीवरी करने वाले युवक की पहचान हुई, जिसके आधार पर अमर भाटी को पीसीआर के दौरान गिरफ्तार किया गया। आगे की जांच में हर्ष युवराज हिंगोले को भी हिरासत में लिया गया। उसके घर की तलाशी लेने पर 14.41 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई।
पुलिस ने कुल 80.92 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है, जिसकी बाजार कीमत करीब 6 लाख 53 हजार 224 रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की गई एक दोपहिया वाहन भी जब्त की गई है। इस मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से तीन आरोपी पहले से ही ड्रग्स मामलों में अपराधी रिकॉर्ड रखते हैं।
गिरफ्तार आरोपी अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं, जिनमें शांतिनगर, मानकापुर और ताजनगर टेकड़ी क्षेत्र शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़ा एक और महत्वपूर्ण आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। उसके पकड़े जाने के बाद ड्रग्स के स्रोत और नेटवर्क को लेकर और बड़े खुलासे होने की संभावना है। यह पूरी कार्रवाई डीबी टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई है।








