नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्षी सांसदों के लगातार हंगामे के चलते बुधवार को कार्यवाही 4 बार स्थगित हुई, जिसके बाद शाम 5 बजे सदन को गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। हंगामे के कारण पीएम नरेंद्र मोदी का आज शाम 5 बजे होने वाला राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर संबोधन भी टल गया।
संसद में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के ऑफिस में विपक्ष और भाजपा सांसदों के बीच भी बहस हुई है। ऑफिस का जो वीडियो सामने आया है, इसमें विपक्ष की महिला सांसद केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू से कुछ कहती नजर आ रही हैं। यह घटनाक्रम विपक्षी सांसदों के जोरदार विरोध प्रदर्शन के बाद सत्ता पक्ष से झड़प में तब्दील होने के बाद हुआ, जिससे दोनों पक्षों के बीच तीखे आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया।
वहीं भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने दावा किया कि कई विपक्षी महिला सांसद सदन के वेल (Well) में घुस गईं, प्रधानमंत्री की कुर्सी की ओर बढ़ीं और वरिष्ठ मंत्रियों की बार-बार की गई अपील को अनसुना कर दिया। तिवारी ने आरोप लगाया कि वे प्रधानमंत्री के बैठने की जगह पर चढ़ गए। उन्होंने खूब हंगामा किया। उन्होंने आगे दावा किया कि विपक्षी सांसद आक्रामक हाव-भाव के साथ आगे बढ़े और उनके व्यवहार से सुरक्षा संबंधी गंभीर चिंताएं पैदा हुईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वे प्रधानमंत्री पर हमला भी कर सकते थे। विपक्षी सांसद नारे लगाते हुए सदन के वेल में घुस गए और उनके हाथों में एक बड़ा बैनर था जिस पर लिखा था— ‘जो उचित लगे वो करो’।









